गाँव की मिट्टी की खुशबू, बचपन की यादें, माँ का प्यार और पलायन का दर्द। पढ़िए आदर्श कुमार सिंह का भावुक लेख, जो आपको अपने गाँव और अपनों की याद दिलाएगा।
मुझे सुगंध पसंद है। वो भी जो इत्र की शीशियों में भरी रहती है, और वो भी जो चूल्हे की मिट्टी पर पानी के छींटे पड़ने के बाद उठती है। मुझे वो ख़ुशबू भी पसंद है, जो पहली बारिश में सूखी धरती के भीगने से पैदा होती है। शायद कुछ ख़ुशबुएँ सिर्फ़ नाक तक नहीं पहुँचतीं, वे सीधे हमारी स्मृतियों में उतर जाती हैं। मिट्टी की ऐसी ही ख़ुशबू हमें उन दिनों में वापस ले जाती है, जब ज़िंदगी छोटी थी, मगर खुशियाँ बहुत बड़ी हुआ करती थीं। मुझे गाँव की छोटी-छोटी पसंद हैं। मुझे पानी की लहरें पसंद हैं, लेकिन वो नहीं जो समुद्र के किनारे उठती हैं। मुझे तो गाँव के बाहर बरगद के नीचे बने उस छोटे-से तालाब की लहरें पसंद हैं, जो हवा के हल्के-से स्पर्श से उठती हैं और फिर चुपचाप किनारे से जा मिलती हैं। मुझे सूर्योदय पसंद है, लेकिन वो नहीं जो किसी बड़े शहर की ऊँची इमारतों के पीछे से दिखाई देता है। मुझे वो सूरज पसंद है, जो गाँव के पूरब में बाँस और पीपल के बीच से धीरे-धीरे निकलता है। जिसकी पहली किरण खेतों पर पड़ती है, और जिसके साथ किसी किसान के दिन की शुरुआत होती है। मुझे गाँव की शाम पसंद है। खेतों से लौटते किसानों के चेहरे...